जिला चिकित्सालय के दवा काउंटर पर खड़े मरीज। संवाद
बुलंदशहर। गर्मी बढ़ने के साथ ही लोगों के दांतों में दर्द व मसूड़ों में सूजन की समस्याएं भी बढ़ गई हैं। साथ ही कुछ मरीज पायरिया की समस्या लेकर जिला चिकित्सालय के दंत विभाग की ओपीडी में आ रहे हैं। जांच के दौरान इन मरीजों में पानी की कमी से मुंह में लार न बनने से पायरिया की समस्या मिल रही है। ऐसे मरीजों को चिकित्सक परामर्श के साथ दिन में दो बार ब्रश करने की सलाह दे रहे हैं।
गर्मी शुरू होने के साथ बीमारियां भी बढ़ने लगती है। इन दिनों में ओरल इंफेक्शन व दांतों की समस्या भी बढ़ जाती है। जिला चिकित्सालय के दंत रोग विभाग में इन दिनों मरीजों की संख्या बढ़ गई है। पिछले एक सप्ताह से मरीजों की ओपीडी 70 से बढ़कर 100 तक पहुंच गई है। सोमवार को मरीज कृष्ण, राजवीर, तरुणा व शबनम आदि ने दंत रोग की समस्या बता परामर्श लिया। मेडिकल कॉलेज के दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित कुमार ने कहा कि गर्मी में इन दिनों दो से तीन लीटर पानी पीना चाहिए। नरम ब्रश का इस्तेमाल करें और दिन में दो बार ब्रश करें। अधिक ठंडे-गर्म खाद्य पदार्थों से परहेज करें और समय-समय पर दंत जांच कराते रहें।