बुलदंशहर। गणेश विसर्जन और प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) एक साथ पड़ने के कारण शुक्रवार को शहर का यातायात पूरी तरह से चरमरा गया। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सुबह से लेकर देर शाम तक वाहन रेंगते रहे। पुलिस ने विसर्जन के लिए ट्रैफिक डायवर्ट किया था लेकिन भीड़ के आगे सारी तैयारियां ध्वस्त नजर आईं।
गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर जनपद में पांच सितंबर की रात 12 बजे से ही रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया था। दिल्ली, गाजियाबाद, सिकंदराबाद व दादरी से खुर्जा, अलीगढ़ और आगरा की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-34 को वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया गया। इन वाहनों को भूड़ चौराहे की ओर नहीं जाने दिया गया। आगरा, अलीगढ़ और खुर्जा से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को भी नेशनल हाईवे 34 से ही भेजा गया। इन वाहनों को ब्रह्मनंद कॉलेज टी-प्वाइंट से भूड़ चौराहा की ओर आने से मना किया गया।
मेरठ, हापुड़ और गुलावठी की ओर से आने वाले भारी वाहन जो खुर्जा, अलीगढ़ और आगरा की ओर जा रहे थे, उन्हें भूड़ चौराहा से सिकंदराबाद की ओर भेजा गया। इसके बाद ये वाहन अडौली तिराहा होते हुए नेशनल हाईवे 34 से अपने गंतव्य तक पहुंचे। बुलंदशहर-खुर्जा मार्ग पर इन वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित थी। दिल्ली व गाजियाबाद से शिकारपुर, डिबाई, नरौरा व बदायूं की ओर जाने वाले वाहनों को नेशनल हाईवे 34 के रास्ते चौकी ठंडी प्याऊ से मामन रोड, हात्माबाद व निमखेड़ा होकर मामन चुंगी के रास्ते भेजा गया।
वैकल्पिक रूप से नेशनल हाईवे 91 से खुर्जा होकर शिकारपुर रोड भी इस्तेमाल किया गया। बदायूं, नरौरा, डिबाई और शिकारपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को शिकारपुर से खुर्जा होते हुए नेशनल हाईवे 34 का उपयोग किया गया या फिर मामन चुंगी से होते हुए ठंडी प्याऊ चौकी से नेशनल हाईवे होते हुए उन्हें निकाला गया।
एक ओर रूट डायवर्जन और दूसरी ओर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में शामिल होने आए परीक्षार्थियों की भीड़ ने भी शहर में जाम की समस्या को उत्पन्न किया। इस दौरान खास तौर पर भूड़ चौराहा, कालाआम, स्याना अड्डा रोड, कचहरी रोड, अस्पताल रोड पर दिन भर वाहन रेंगते हुए नजर आए।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर संजय वर्मा ने बताया कि जहां भी जाम की सूचना मिली वहां तत्काल पहुंच कर जाम खुलवा दिया गया था। अधिकतर स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी हुई थी, जिससे अधिक समस्या का सामना नहीं करना पड़ा।
तहसील रोड पर लगा जाम। संवाद