पहासू के रनायच नरेंद्रपुर गांव में बदहाल पड़ी सड़क। संवाद
पहासू। रनायच नरेंद्र पुर गांव में नालियों की निकासी बंद है, जिस वजह से मुख्य मार्ग पर पूरे दिन कीचड़ रहता है। इससे ग्रामीणोंं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने कई बार ग्राम सचिव व प्रधान से इस संबंध में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
पहासू क्षेत्र के रनायच नरेंद्रपुर गांव निवासी अंकित राघव ने बताया कि गांव में पानी की निकासी के लिए नाली की सुविधा नहीं है। ऐसे में घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। वहीं, मुख्य मार्ग पर न ही इंटरलॉकिंग टाइल्स है और न ही खडंजा बना हुआ है।
इस वजह से पानी जाने पर मार्ग पर कीचड़ हो जाता है। ग्रामीण श्रीपाल सिंह का कहना है कि सड़क पर कीचड़ की वजह से स्कूल जाने में छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत अधिकारी से इस संबंध में शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
गांव में बढ़ रही मच्छर व बदबू की समस्या
गांव निवासी सुमित कुमार ने बताया कि घरों के बाहर निरंतर गंदा पानी भरा रहता है, जिसमें से दिन भर बदबू उठती रहती है। ऐसे में सड़क से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। वहीं, गंदे पानी में मच्छर भी काफी पनप रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
Iनाली की निकासी को लेकर ग्रामीणों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई। यदि लिखित में शिकायत देते हैं तो जरूर कार्रवाई की जाएगी। - नरेंद्र शर्मा, बीडीओ पहासू।I