आईएमए के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. एसके गोयल।
बुलंदशहर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के चुनाव में अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. एसके गोयल लगातार तीसरी बार चुने गए। इससे पूर्व डॉ. संजीव अग्रवाल लगातार दो बार अध्यक्ष चुने जा चुके हैं। शुक्रवार को सचिव पद पर डाॅ. अनिल चौहान का निर्विरोध चयन हो चुका है।
आईएमए की कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा होने के बाद पांच अक्तूबर से नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हुई। आठ अक्तूबर तक नामांकन हुए और 10 अक्तूबर तक नामांकन वापस लिए गए, जबकि 12 अक्तूबर को मतदान होना था। चुनाव अधिकारी डॉ. प्रमिला मित्तल के समक्ष दावेदारों ने अपने-अपने आवेदन जमा किए। अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. एसके गोयल, डॉ. आकाश जैन और डॉ. वंदना सागर ने आवेदन किया। जबकि सचिव पद के लिए निवर्तमान सचिव डॉ. मुदित गुप्ता एवं डॉ. अनिल चौहान ने नामांकन किया। शुक्रवार को सचिव पद से डॉ. मुदित गुप्ता ने अपना नामांकन वापस ले लिया था। इसलिए डाॅ. अनिल चौहान निर्विरोध सचिव चुने गए।
इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए देर रात डॉ. आकाश जैन और डॉ. वंदना सागर ने अपना नामांकन वापस ले लिया। अध्यक्ष पद के लिए इस बार भी डॉ. एसके गोयल के निर्विरोध चुने जाने पर चिकित्सकों ने हर्ष व्यक्त किया है। आईएमए के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. एसके गोयल ने कहा कि पिछले दो वर्ष दी गई जिम्मेदारी को बखूबी से निभाया गया।
इसी वजह से सदस्यों ने उन्हें लगातार तीसरी बार सेवा का मौका दिया है। डॉक्टरों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास प्राथमिकता पर है। सचिव डाॅ. अनिल चौहान ने कहा कि चिकित्सकों के हित में काम किया जाएगा। सभी को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाया जाएगा।