खुर्जा के बौरोली गांव स्थित पंचायत घर में पोस्टर फाड़ने की घटना के बाद हंगामा करते ग्रामीण। संव
खुर्जा। बौरोली गांव स्थित पंचायत घर की दीवार पर लगे डॉ. भीमराव आंबेडकर के पोस्टर को अज्ञात लोगों ने फाड़ दिया। सोमवार को किसी ने पोस्टर पर गोबर भी फेंक दिया था। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामला शांत कराया और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बौरोली गांव निवासी पूर्व प्रधान मोहन लाल ने बताया कि डॉ. भीम राव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर दो दिन पहले गांव में यात्रा निकाली गई थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से ग्राम पंचायत की दीवार बाबा साहब डॉ. भीम राव आंबेडकर का पोस्टर लगा दिया। इसमें अन्य महापुरुषों व वीरांगनाओं की फोटो भी लगी थीं।
सोमवार को किसी ने पोस्टर पर गोबर फेंक दिया। ग्रामीणों ने यह देखा तो आक्रोशित हुए। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण ग्राम पंचायत कार्यालय की ओर गए तो देखा कि पोस्टर फाड़ दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। गांव के सैकड़ों लोग पंचायत कार्यालय पहुंचे और हंगामा शुरू हो गया।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीणों ने कोतवाली प्रभारी को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही दीवार पर डॉ. भीम राव आंबेडकर की स्थाई पेंटिंग बनाने और सीसीटीवी लगवाने की मांग की। इस दौरान शेष पाल सिंह, शिव कुमार, प्रवीन, मोहित कुमार, सुंदर लाल, किरण देवी, कुसुम देवी और अंकित कुमार आदि मौजूद रहे।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि बौरोली गांव के पंचायत घर पर पोस्टर फाड़ने की शिकायत मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। ग्रामीणों की शिकायत पर आरोपी की तलाश की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।