मुरादनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गंगनहर के पुल के पास सोमवार सुबह बाइक की टक्कर से कांवड़ खंडित हो गई। गुस्साए कांवड़ियों ने हाईवे पर जमकर हंगामा किया और दोनों तरफ जाम लगा दिया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की। करीब एक घंटे तक हंगामे की वजह से रोड के दोनों साइड में वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर दिल्ली का एक जत्था अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गंगनहर पुल के पास जत्था पहुंचा तो पीछे से आ रही बाइक ने एक कांवड़िए को टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर लगते गंगाजल जमीन पर गिर गया। जिससे कांवड़ खंडित हो गई। मौके पर काफी संख्या में कांवड़िए एकत्र हो गए और सड़क पर हंगामा करने लगे। कांवड़िया नारेबाजी करते हुए दिल्ली-मेरठ मार्ग पर दोनों तरफ बैठ गए और जाम लगा दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही एसीपी नरेश कुमार व थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कांवड़ियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कांवड़िया बाइक सवार युवक की गिरफ्तारी की मांग अड़ गए। पुलिस और कांवड़ियों के बीच बातचीत चलती रही लेकिन बात नहीं बनने पर कांवड़ियों ने रोड पर खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। इससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कांवड़ियों ने तीन कारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस के बहुत समझाने के बाद कांवड़ियों का गुस्सा शांत हुआ।
करीब एक घंटे तक हंगामे के बाद पुलिस ने कांवडियां को कार से जल लेने हरिद्वार भेजा। कार में उनके साथ दो पुलिसकर्मी भी भेजे गए। एसीपी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज से बाइक सवार युवक का पता लगा रही है।
जाम से लोग रहे परेशान
हंगामे के दौरान दिल्ली- मेरठ मार्ग पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने इस दौरान गंगनहर पुल से मार्ग को वनवे कर दिया। वनवे के होने से हाईवे पर दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंसे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
व्यापार मंडल व हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे
गंगानहर के पास कांवड़ियों के हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, हिन्दू युवा वाहिनी, गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को समझा बुझाकर शांत किया। दोपहर बाद यातायात सामान्य हुआ। पुलिस ने गंगनहर के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया है।