गाजियाबाद। ऑनलाइन गेमिंग एप के जरिए किशोर का धर्मांतरण कराने वाले शाहनवाज उर्फ बद्दो की सोमवार को मजिस्ट्रेट की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हाजिरी लगी। अधिवक्ता रमेश यादव के निधन के बाद साथी वकीलों ने कोई न्यायिक कार्य नहीं किया, इसलिए सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत ने मामले में सुनवाई के लिए 24 जुलाई की तारीख लगा दी।
बद्दो पर आरोप है कि उसने ऑनलाइन गेमिंग एप के जरिए कविनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक उद्यमी के नाबालिग बेटे का धर्मांतरण करा दिया था। किशोर संजय नगर स्थित मस्जिद में पहुंचकर नमाज पढ़ता था। शक होने पर नाबालिग के पिता ने उसका पीछा किया और उसे मस्जिद से निकलते देखा था, इसके बाद 30 मई 2023 को कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने मस्जिद कमेटी के पूर्व सदस्य अब्दुल रहमान को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा था। प्रकरण की जांच के दौरान पता चला कि महाराष्ट्र निवासी शाहनवाज उर्फ बद्दो बच्चों को फंसाकर उनका धर्मांतरण कराता था। पुलिस ने शाहनवाज उर्फ को उसके घर से गिरफ्तार किया था। उसके बाद से वह डासना जेल में बंद है।