बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मीनगर काॅलोनी निवासी एक घर में कपड़े, बर्तन धोने आने वाली घरेलू सहायिका पर लाखों रुपये के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित प्रवेश कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह वर्ष 2015 से अपने परिवार के साथ लक्ष्मीनगर काॅलोनी में किराए के मकान में रह रहे हैं। घर में कपड़े धोने, बर्तन और पोंछा लगाने के लिए मोहनकुटी क्षेत्र से एक महिला अरुणा काम पर आती थी। पीड़ित के अनुसार पिछले दस दिनों से अरुणा अपने साथ अपनी 12-13 वर्षीय पुत्री और 10 वर्षीय पुत्र को भी लाने लगी थी।
दोनों बच्चे खेलते-खेलते अक्सर कमरों में चले जाते थे जिसको लेकर कई बार मना भी किया गया था। पीड़ित ने बताया कि 14 सितंबर की शाम को महिला और उसके बच्चे घर से चले गए। इसके बाद जब उसकी पत्नी निधि किसी काम से कमरे में गई तो अलमारी के पास एक चांदी का कुंडल पड़ा मिला। शक होने पर जब अलमारी खोलकर देखी गई तो लॉकर खुला मिला और उसमें रखा कीमती सामान गायब था।
पीड़ित ने बताया कि चोरी हुए सामान में सोने के कुंडल, गले का हार, चार चूड़ियां, सोने की चेन, मंगलसूत्र, कुंडल, सोने का पक्खा, मोबाइल फोन, दो पावर बैंक और बच्चों की गुल्लक शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने महिला अरुणा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।