बुलंदशहर। जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में रविवार को कुत्ताें के हमले के 12 लोग एआरवी लगवाने पहुंचे। इनमें 14 साल के किशोर को घर के बाहर कुत्ते ने कंधे पर काट लिया तो 28 वर्षीय युवक के पार्क में घूमने के दौरान कुत्ते ने हमला कर दिया। वहीं, 72 वर्षीय बुजुर्ग को गांव में एक कुत्ते ने काट लिया। इनके अलावा कर लोग कुत्तों के काटने पर इमरजेंसी में एआरवी लगवाने पहुंचे। इन सभी को एआरवी लगाने के बाद घर भेज दिया गया।
नगर के स्याना रोड स्थित कांशीराम आवासीय कालोनी निवासी सितारा ने बताया कि 14 वर्षीय पुत्र सुभान रविवार सुबह घर के बाहर बैठा हुआ था। तभी एक कुत्ते ने पीछे से आकर अचानक काट लिया। जिसने सीधे हाथ की ओर कंधे के पास दो जगह काट लिया। कुत्ते को किसी तरह भगा बेटे को लेकर जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी आ गई। नगर के सुशीला विहार निवासी 28 वर्षीय युवक विपिन कुमार ने बताया कि पार्क से निकल रहा था तभी एक कुत्ते ने सीधे पैर पर हमला कर दिया। पैर से उसे भगाना चाहा तो उसने सीधे पैर की एड़ी पर काट लिया।
वहीं, खैरपुर निवासी 72 वर्षीय महेंद्र शर्मा किसी कार्य से गांव मुकीमपुर गए थे। महेंद्र शर्मा ने बताया कि गांव से निकलते समय एक कुत्ते ने पीछे से आकर उल्टे पैर में काट लिया। इन तीनों को एआरवी लगाने के बाद एआरएस लगवाने के लिए रेफर कर दिया। इसके अलावा मालागढ़ निवासी तीन वर्षीय प्रियांशी, पांच वर्षीय कार्तिक व 30 वर्षीय रोहित, नीमखेड़ा निवासी 60 वर्षीय मिथलेश, देवीपुरा प्रथम निवासी आठ वर्षीय अयान, रहमापुर स्यावली निवासी 42 वर्षीय रजनी देवी, पटेल नगर निवासी 52 वर्षीय युसुफ अली आदि कुत्ते के काटने पर एआरवी लगवाने पहुंचे। जबकि सूर्यनगर प्रथम निवासी 54 वर्षीय भौजवीर बंदर के काटने पर और 47 वर्षीय श्याम सिंह अज्ञात जानवर के काटने पर एआरवी लगवाने पहुंचे। इन सभी को जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में एआरवी की पहली डोज लगाने के बाद घर भेज दिया गया।
कोट
चिकित्सालय की इमरजेंसी में रविवार को कुत्ताें के हमले में जख्मी 10 लोग समेत 12 लोग उपचार कराने आएं। सभी का एआरवी लगाने के बाद परामर्श दिया गया। साथ ही तीन को एआरएस लगाने की सलाह देकर भेजा गया। - डॉ. प्रदीप राणा, प्रभारी सीएमएस जिला चिकित्सालय