नेशनल मेडिकल कमीशन के विरोध, डाक्टरों पर होने वाले हमले और झोलाझाप डॉक्टरों पर लगाम कसने सहित अन्य मांगों को लेकर नगर के डॉक्टरों ने बुधवार को धरना-सत्याग्रह किया। सभी डॉक्टर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बुलंदशहर के बैनर तले मलका पार्क में एकजुट हुए।
यहां से वह कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम के माध्यम से मांगों का ज्ञापन प्रधानमंत्री को भेजा। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रदीप मलिक ने बताया कि सरकार नेशनल मेडिकल कमीशन ला रही है। यह इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के हित में नहीं है।
यदि किसी तरह का कमीशन सरकार लाना चाहती है तो वह मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया के लिए लागू करें। यदि नेशनल मेडिकल कमीशन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन पर थोपा गया तो इसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों पर आए दिन हमले होते हैं।
हालांकि ऐसी घटनाओं को लेकर सरकार ने कानून बनाए हैं। मगर, एसोसिएशन की मांग है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए और कड़े कानून बनाए जाएं। सचिव डॉ. संजीव यादव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में ही नहीं बल्कि शहरों में झोलाझाप डॉक्टरों की भरमार है। ऐसे डॉक्टर बिना डिग्री के अपनी दुकान चला रहे हैं।