हर दुकान में पॉलीथिन, ग्राहक को हर सामान मिल रहा पॉलीथिन के थैले में... ऐसे में पाबंदी अमल में लाने के लिए व्यापारियों का साथ न मिले तो बात बनती नहीं दिखती।
इसी लाइन पर प्रशासन भी काम करेगा। 27 को जिलाधिकारी व्यापारियों के साथ पॉलीथिन के विकल्प पर मंथन करेंगी। साथ ही पाबंदी पर सख्ती भी। इसके लिए जिला और तहसील स्तर पर निगरानी कमेटियां बनाईं जाएंगी जो बाजार-बाजार घूम कर पॉलीथिन की बिक्री रोकेंगीं।
बता दें कि हाईकोर्ट के आदेश पर सरकार ने प्रदेशभर में पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगा दिया है। पाबंदी का असर दूसरे दिन भी कहीं देखने को नहीं मिला। बाजारों में पॉलीथिन के थैलों का धड़ल्ले से प्रयोग किया जा रहा है।
अब जिलाधिकारी व्यापारियों के साथ बैठक कर इसका प्रयोग रोकने की पहल करेंगी। जिलाधिकारी बी. चंद्रकला ने बताया कि व्यापारियों से इस मुद्दे पर विचार विमर्श किया जाएगा कि पॉलीथिन का बेहतर विकल्प क्या होगा।
व्यापारियों की सहमति से प्रशासन फैसला लेगा। प्रशासन सख्ती पॉलीथिन के उपयोग पर प्रतिबंध लगाएगा। डीएम ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर पूरी तरह अमल में लाया जाएगा। किसी भी हाल में पॉलीथिन का प्रयोग नहीं होने दिया जाएगा।