दो अफसरों को प्रतिकूल प्रविष्टि, दो का रोका वेतन
बुलंदशहर। कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को डीएम रविन्द्र कुमार ने शासन के नवीन निर्धारित 37 विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने उप कृषि निदेशक और श्रमायुक्त को प्रतिकूल प्रविष्टि और खाद्य सुरक्षा विभाग के दो अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश दिए।
शनिवार को आयोजित बैठक में डीएम ने पंचायतीराज विभाग, स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में प्रगति कम होने पर डीएम ने उप कृषि निदेशक को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश दिए। श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान श्रमिक पंजीयन, अधिष्ठान पंजीयन और उपकर संग्रहण, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर सहायक श्रमायुक्त को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के लिए नोटिस जारी करने को कहा। इसके अलावा बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी के अनुपस्थित होने पर डीएम ने दोनों अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके अलावा पावर कॉरपोरेशन, खाद्य एवं रसद विभाग, दुग्ध विकास विभाग, कर करेत्तर, स्टांप और रजिस्ट्रेशन, आबकारी, विद्युत, खनन, परिवहन एआरटीओ, वाणिज्य कर, पशुधन, ग्राम्य विकास, अल्पसंख्यक कल्याण, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, वन, गन्ना, बेसिक शिक्षा, खादी एवं ग्रामोद्योग, सहकारिता आदि विभागों में संचालित विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम फाइनेंस मनोज कुमार सिंघल, सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर, पीडी सर्वेश चंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।