गुलावठी। डीएन इंटर कॉलेज में शनिवार को निशुल्क उपकरण वितरण शिविर में समग्र शिक्षा अभियान के अन्तर्गत 6-14 आयु-वर्ग के दिव्यांग बच्चों को डीएम चन्द्रप्रकाश सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत पाण्डेय ने आवश्यक उपकरण वितरित किए।
विशेष शिक्षक पुष्पेंद्र नागर ने बताया कि 8 ट्राई साइकिल, 14 व्हील चेयर, 9 सीपी चेयर, 22 श्रवण यंत्र आदि का वितरण किया गया। कुल 54 बच्चों को उपकरण दिए गए। इस मौके पर डीएम चद्रप्रकाश सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चो को दया की नहीं, अवसर की आवश्यकता है। अगर दिव्यांग बच्चों को अवसर मिले तो ये भी अपनी मंजिल पा सकते हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत पाण्डेय ने कहा कि दिव्यांग बच्चे किसी भी प्रकार से कमजोर नहीं है। इनको समाज और शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए समय-समय पर कैंप लगाकर आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि कोई भी बच्चा दिव्यांगता के कारण प्राथमिक शिक्षा से वंचित न रहे। जिला समन्वयक पंकज गुप्ता एवं विशेष शिक्षक पुष्पेंद्र नागर ने दिव्यांग बच्चो को वितरित किए गए उपकरणों के प्रयोग एवं रख-रखाव की जानकारी दी। खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद शर्मा, एआरपी कुसुमलता, सुधीर कुमार, डीएन इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुनील गोयल, श्यामसुंदर गुप्ता, संजय कश्यप, पंकज गुप्ता, सचिन गुप्ता आदि मौजूद रहे।