कार्तिक पूर्णिमा के चलते एनएच-24 के डायवर्जन का असर बुलंदशहर की सड़कों पर दिखाई दिया। वाहनों का दबाव बढ़ने से अनूपशहर और स्याना रोड पर ट्रैफिक जाम रहा। दोपहर बाद हालात सामान्य होने पर वाहनों की रफ्तार नहीं बढ़ी।
एनएच-24 पर गढ़ में डायवर्जन किया गया था। अलीगढ़, हाथरस, मथुरा की ओर जाने वाले श्रृद्धालुओं को वाया औरंगाबाद और स्याना होते हुए बुलंदशहर से गुजारा गया। इसका सीधा असर जनपद की सड़कों पर दिखा। सुबह से शाम तक सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार रही।
शाम को हालात सामान्य जरूर हुए लेकिन फिर भी वाहनों की रफ्तार नहीं बढ़ पाई। गनीमत रही कि सोमवार को शहर के तमाम बाजार बंद होने से लोगों की आवाजाही कम थी। बाजार खुले होते तो लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ सकता था।
खुर्जा और शिकारपुर रोड पर भी वाहनों का दबाव अधिक होने से लोगों को सफर करने में दुश्वारी का सामना करना पड़ा। वहीं, अनूपशहर रोड पर भी सुबह से शाम तक जाम के हालात रहे। सुबह आठ बजे के बाद लोग छोटी काशी से स्नान कर लौटने लगे थे। एक साथ वाहनों का दबाव बढ़ने से अनूपशहर रोड पर भयंकर जाम लग गया।