बुलंदशहर। जिला प्रदर्शनी के रविंद्र नाट्यशाला में शुक्रवार रात सीमा मोदी नाइट (नृत्योत्सव) का आयोजन हुआ। नाइट में डॉ. सीमा मोदी एवं ग्रुप के रंगमंच कलाकारों ने धार्मिक एवं फिल्मी गानों पर नृत्य किया। साथ ही मोबाइल का अधिक प्रयोग करने से होने वाली बीमारी से बचाव को उपाय बताए।
जिला प्रदर्शनी में आयोजित नृत्योत्सव का शुभारंभ प्रमुख मंत्री चंद्रप्रकाश प्रियदर्शी, डॉ. सीमा मोदी, प्रदर्शनी सदस्य प्रशांत जौहरी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना देवा श्री गणेशा पर नृत्य के साथ हुई। इसके बाद डॉ. सीमा मोदी ने नृत्य नाटिका के माध्यम से बताया कि मोबाइल फोन की लत जब लग जाती है तो लोगो को भय, चिंता, घबराहट होने लगता है। मानसिक और शारीरिक समस्याएं बढ़ जाती हैं। इसे ही नोमोफोबिया यानी नो मोबाइल फोन फोबिया कहा जाता है। नाटक के माध्मय से बताया कि लोगों के पास समय नहीं है, लेकिन मोबाइल लोगों का समय खा गया। पड़ोस की दोस्ती मेल मिलाप सब मोबाइल खा गया। इसके बाद कच्चा बादाम., क्यों मैं जागूं, यू ही मुझे करके ख्वाबों से जुदा जाने कहां बैठा है, खुदा., अरे रुक जाए रे बंदे., पंजाबी भांगड़ा., राजस्थानी नृत्य में घूमर, घूमर घूमे., ढोलीना ढोल बाजे., रंगीला म्हारो ढोलना., टिप-टिप बरसा पानी., हुस्न है सुहाना., नॉटी सइयां आदि पर नृत्य कर प्रस्तुति दी। साथ ही सिंगर परवेज ने अपनी सुरीली आवाज में गानों पर प्रस्तुति दी तो राजीव बेताब ने स्टैंडअप कॉमेडी व एंकरिंग की। मंच का संचालन अधिवक्ता अनुराग तिवारी ने किया। नृत्य करने वालों में राज कुशवाहा, जैक जगदीश, आकाश, प्रदीप, मनजीत, शालू, आंचल रोहित, सन्नी, बिमला बरनवाल आदि कलाकार शामिल रहे।