2010 में हुई थी प्रीति और ऋषि की शादी
अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के खेलिया कल्यानपुर गांव निवासी बाल किशन ने बताया कि उनके छोटे भाई ऋषि (38) की वर्ष 2010 में पहासू के दीघी गांव निवासी प्रीति के साथ शादी हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं, जिसमें सबसे बड़ी बेटी की उम्र लगभग 14 वर्ष है। बाल किशन ने आरोप लगाया कि प्रीति का बीते दो-तीन साल से गौतमबुद्धनगर जनपद मुतेना गांव निवासी सोनू के साथ प्रेम संबंध था।
प्रेमी के चक्कर में मायके में रहने लगी प्रीति
इसी के चलते प्रीति अक्सर अपने मायके में रहती थी। इस बात को लेकर दोनों परिवार के बीच कई बार पंचायत हुई। पिछले साल हुई पंचायत में प्रीति के परिजनों ने भी इस बात से सहमति दी और प्रीति को अलग करने की बात कही। मार्च 2026 को ऋषि व प्रीति के बीच तलाक होना था, लेकिन ऋषि अपने बच्चे से अलग नहीं होना चाहता था। इसी के चलते तलाक देने को तैयार नहीं था।
बच्चों और पत्नी को लाने ससुराल गया था ऋषि
काफी समय से ही प्रीति अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। तीन चार दिन पहले ऋषि अपनी पत्नी व बच्चों को वापस घर बुलाने के लिए ससुराल गया था, लेकिन प्रीति अपने प्रेमी सोनू के साथ रहने की जिद कर रही थी। जो बातें ऋषि को आहत कर गईं। इसी बात से परेशान होकर शनिवार रात को ऋषि बंद कमरे में पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह जब ससुराल के लोग सोकर उठे तो उन्होंने शव लटका देखा और पुलिस को सूचना दी।
बच्चों के बयानों के बाद खुला राज
मृतक के ताऊ के बेटे अशोक ने बताया कि ऋषि व प्रीति के तीन बच्चे हैं, जिसमें सबसे बड़ी बेटी गुंजन, सात वर्षीय बेटा कुनाल व चार वर्षीय पुनीत है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद मृतक के बच्चों से जानकारी ली, जिन्होंने बताया कि मां-बाप के बीच अक्सर विवाद रहता था। पिता ऋषि घर जाने की जिद करते थे और मां इनकार करती थी। कुनाल ने बताया कि पिता ने एक रात पहले शराब पी, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया।
वेतन मिलने के बाद बच्चों से मिलने जाता था ऋषि
अशोक ने बताया कि ऋषि ग्रेटर नोएडा में सीवर लाइन बनाने वाली एक निजी कंपनी में काम करता था। हर महीने जब भी वेतन मिलता था तो वह दो-चार दिन के लिए वह ससुराल में अपने बच्चों से मिलने जाता था। परिवार के लोग अक्सर उसको रोकते टोकते थे, लेकिन उसका कहना था कि वह बच्चों के बिना नहीं रह पाएगा।
पुलिस का बयान
पहासू के दीघी गांव में युवक की आत्महत्या की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। इसमें मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी सोनू, पत्नी प्रीति, सास राजकुमारी और साले विजय के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। - प्रमोद शर्मा, सीओ शिकारपुर