फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो साल से खोदी पड़ीं शहर की सड़कें, चलना हुआ मुश्किल

विज्ञापन
हाईडिल कॉलोनी में सड़क पर कीचड़। - फोटो : BULANDSHAHR
विज्ञापन
दो साल से खोदी पड़ीं शहर की सड़कें, चलना हुआ मुश्किल
विज्ञापन

बुलंदशहर। सीवर लाइन बिछाने के नाम पर शहर की सौ किमी से अधिक की सड़क अब तक खोदी जा चुकी है। 50 हजार से अधिक घरों के सामने की सड़क खोदकर सीवर लाइन बिछाई गई। सड़क बनाने के नाम पर कहीं मानकों को ताक पर रखकर यूं ही गिट्टी बिछाकर सीमेंट डाल दिया गया तो कहीं सड़क का निर्माण शुरू ही नहीं हुआ। करीब दो वर्षों से पूरे शहर में की जा रही खोदाई के कारण आवागमन में कभी धूल तो कभी गड्ढों, कीचड़, दलदल के कारण परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। शहर के लोगों ने बार-बार जिला प्रशासन, नगर पालिका और जल निगम के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन नतीजा सिफर रहा। नतीजतन बीते दो दिन में बारिश के बाद लोगों का सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
हाइडिल कॉलोनी की सड़क पर भरा पानी
हाइडिल कॉलोनी में विभाग के चीफ इंजीनियर, एसई, एक्सईएन और दर्जनों अधिकारी बैठते हैं। प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों का भी आना-जाना होता है। इसके बाद भी कॉलोनी की मुख्य सड़क पर पानी भरा रहता है। कई वर्षों से सड़क का निर्माण नहीं हुआ था। उम्मीद थी कि सीवर लाइन बिछने के बाद निर्माण हो जाएगा, लेकिन स्थिति और बदतर हो गई। हाइडिल कॉलोनी के दफ्तर परिसर में वर्कशॉप के सामने भी जलभराव रहता है।
विज्ञापन

पॉश कॉलोनी यमुनापुरम में सड़क हुई जर्जर
शहर की सबसे पॉश कॉलोनी यमुनापुरम में भी सड़क जर्जर हालत में है। स्थिति यह है कि बारिश के बाद सड़क में और गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में पानी भर रहा है। इसके चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान सीवर लाइन बिछाने वाले ठेकेदार ने जमकर लापरवाही बरती है। उसकी लापरवाही के कारण कॉलोनी के सैकड़ों को लोगों हर दिन मुसीबत झेलनी पड़ रही है।
बस अड्डे के सामने दो माह में ही टूट गई सड़क
नगर के रोडवेज बस स्टैंड वाली रोड से प्रतिदिन 20 हजार से अधिक लोग गुजरते हैं। हालत यह है कि सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क पर डिवाइडर लगाए गए और ठेकेदार ने खानापूर्ति करते हुए सड़क का निर्माण करवा दिया। करीब दो माह के अंदर ही सड़क टूटने लगी है। सीवर के पास बड़ा गड्ढा बन गया है। बारिश में गड्ढे में पानी भर गया। इसके चलते इधर से गुजरते वक्त आए दिन वाहन चालक गिर कर चोटिल रहे हैं।
स्याना अड्डा चौराहा पर भरा पानी
नगर के स्याना अड्डा चौराहे से शिकारपुर रोड की ओर सड़क की हालत काफी खराब हो गई है। ठेकेदार की लापरवाही की हद यह है कि लाइन बिछाने के बाद वहां पर सड़क निर्माण ही नहीं हुआ है। ठेकेदार ने खानापूर्ति करते हुए मिट्टी और गिट्टी डालकर छोड़ दी है। बारिश के मौसम में वहां पानी भरने से कीचड़ हो जाती है। प्रतिदिन इस सड़क से करीब एक लाख लोग अपने गंतव्य को जाते हैं।
लल्ला बाबू चौराहा भी बदहाल
स्मार्ट सिटी बनाने के दावे भले ही किए जा रहे हैं लेकिन अधिकारियों की हीलाहवाली के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। लल्ला बाबू चौराहे पर कई स्थान पर सड़क टूट चुकी है, जबकि दो माह पहले ही सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क का निर्माण किया गया था। यदि अधिकारी सड़क निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ करवाते तो सड़क की हालत इतनी जल्दी खस्ता नहीं होती। इस सड़क से हर दिन 10 हजार लोग गुजरते हैं।
अफसरों के घर से दफ्तर की सड़कें चकाचक
सीवर लाइन बिछाने के बाद जहां सामान्य कॉलोनी के लोगों को गड्ढे, कीचड़ से जूझना पड़ रहा है, वहीं अधिकारियों, विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष समेत अन्य बड़े नेताओं के घर और दफ्तरों की सड़कें चकाचक और गड्ढामुक्त हैं। लोगों की पीड़ा समझने के लिए अधिकारियों को शहर की गलियों में पैदल ही भ्रमण करना होगा, तभी उन्हें लोगों की समस्या और करोड़ों की लागत से किए गए कार्य की गुणवत्ता की हकीकत पता चलेगी।
खराब सड़कों के बारे में जानकारी की जा रही है। इन सड़कों को ठेकेदार से ही ठीक करवाया जाएगा। सड़कों की सूची तैयार करवाई जा रही है। - रवींद्र कुमार, एडीएम प्रशासन
विज्ञापन

सीवर लाइन बिछाए जाने के बाद ठेकेदार को सड़क बनाने का निर्देश दिया गया है। जहां-जहां सड़कें खराब हैं, उन्हें सही कराया जाएगा। - मो. मुईज कुरैशी, एक्सईएन जल निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें