बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र की आवास-विकास प्रथम कॉलोनी में बंद कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपये का हीरों का हार चोरी करने का मामला सामने आया है। ग्राउंड फ्लोर पर रह रहे परिवार को तब पता चला जब उनकी पत्नी सफाई के लिए पहली मंजिल के कमरे में पहुंची। पीड़ित ने अज्ञात चोर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दीपांशु बंसल अपने परिवार के साथ घर के ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पहली मंजिल के कमरे एक अलमारी है। इसमें उन्होंने कीमती सामान रखा था। 20 अक्तूबर को पत्नी रिद्धी बंसल जब घर की सफाई के लिए उस कमरे में पहुंचीं, तो देखा कि अलमारी का ताला टूटा हुआ था। ताला टूटा देखकर रिद्धी ने अलमारी खोली और अंदर रखा सामान चेक किया। अंदर रखा कीमती हीरों का हार वहां नहीं मिला।
परिवार का कहना है कि उन्हें इसका पता 20 अक्तूबर को चला। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। चोरों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रही है।