डीपीबीएस महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी धीरेंद्र चौधरी का नामांकन कम हाजिरी के चलते खारिज हो गया। इसके चलते एबीवीपी के आशीष शर्मा का अध्यक्ष पद पर निर्वाचन निर्विरोध तय है।
वहीं संयुक्त सचिव पद पर हुए एकमात्र नामांकन के वैध पाए जाने पर शीलू शर्मा का निर्वाचन भी निर्विरोध होगा। इन दोनों के अलावा अन्य तीन पदों के लिए छह जनवरी को मतदान कराया जाएगा।
बुधवार को गहमागहमी के बीच पांच पदों पर नौ प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इस दौरान चुनाव कमेटी ने अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी धीरेंद्र चौधरी और संयुक्त सचिव पद पर ध्रुव मीणा का नामांकन कम हाजिरी के आधार पर स्वीकार करने से इनकार कर दिया था।
बाद में सीओ के हस्तक्षेप पर धीरेंद्र का नामांकन स्वीकार किया गया। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान चुनाव कमेटी ने धीरेंद्र चौधरी का नामांकन निरस्त कर दिया। चुनाव संयोजक डॉ.यूके झा ने बताया कि जांच के बाद अध्यक्ष पद पर आशीष शर्मा, उपाध्यक्ष पर शाल्वी गौड़ व चांदनी नाज, सचिव पर सुरभि शर्मा व ललित कुमार गुप्ता एवं संयुक्त सचिव पर शीलू शर्मा तथा कोषाध्यक्ष पद पर तुंगवीरसिंह व जितेंद्र कुमार के नामांकनपत्र वैध पाए गए हैं।
इनमें अध्यक्ष पद पर आशीष शर्मा व संयुक्त सचिव पद पर शीलू शर्मा का एक एक प्रत्याशी रह जाने के चलते उपाध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष पदपर ही छह जनवरी को मतदान कराया जाएगा।
वहीं शुक्रवार को एबीवीपी पैनल के उपाध्यक्ष प्रत्याशी शाल्वी गौड़, सचिव प्रत्याशी सुरभी शर्मा व कोषाध्यक्ष प्रत्याशी तुंगवीरसिंह ने महाविद्यालय आए छात्र छात्राओं से संपर्क किया।