फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धनतेरस : बाजार गुलजार...करीब सौ करोड़ के कारोबार का अनुमान

विज्ञापन
कसेरठ बाजार में सराफ की दुकान से चांदी के लक्ष्मी गणेश खरीदते ग्राहक। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
हापुड़। धनतेरस के लिए शहर के बाजार सजकर तैयार हैं। बर्तन बाजार, सराफा बाजार, कसेरठ बाजार, गोल मार्केट समेत सभी प्रमुख बाजारों में रौनक है। हापुड़ में करीब सौ करोड़ के कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है।
कहीं नई कारों और बाइकों की चाबियां ग्राहकों को सौंपी जाएंगी तो कहीं चांदी के सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और पीतल के बर्तनों की खरीदारी होगी। कपड़ों, मिठाइयों और सूखे मेवों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी है। कारोबार के लिहाज से इस बार सराफा और ऑटोमोबाइल सेक्टर सबसे आगे रहने का अनुमान है।
विज्ञापन

धनतेरस पर वाहन खरीदने की परंपरा का असर ऑटोमोबाइल बाजार में साफ दिखाई दे रहा है। जिले में कार, बाइक और अन्य दोपहिया वाहनों की बिक्री से करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। वाहन एजेंसियों पर पहले से ही बुकिंग कराई गई है।
कारोबारियों के अनुसार, धनतेरस पर करीब 500 दोपहिया वाहन और 100 से अधिक कारों की डिलीवरी होने की उम्मीद है। इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग भी बढ़ी है। खासकर महिलाएं ई-बाइक खरीदने में रुचि दिखा रही हैं।
टीवीएस शोरूम के चेयरमैन आशीष त्यागी ने बताया कि उनके शोरूम से धनतेरस पर करीब 100 दोपहिया वाहनों की डिलीवरी की जाएगी। वहीं, रोहन मोटर्स के जीएम मनीष त्यागी ने बताया कि करीब 50 कारों की डिलीवरी का लक्ष्य है।
पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार कारोबार में करीब 25 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए वाहनों पर पांच हजार से लेकर एक लाख रुपये तक की छूट दी जा रही है। पूरे जिले से 20 से 25 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।
सराफा बाजार में भी खरीदारी का ट्रेंड बदला हुआ नजर आ रहा है। ग्राहक महंगे और भारी आभूषणों के बजाय कम वजन वाले चांदी के सामान को प्राथमिकता दे रहे हैं। सराफा कारोबारी गोविंद अग्रवाल ने बताया कि चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के साथ पांच और 10 ग्राम के सिक्कों की मांग अधिक है।
बजट के अनुसार ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं। सराफा दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सराफ सन्नी जैन का कहना है कि धनतेरस पर इस बार करीब 40 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।
धनतेरस पर पीतल, स्टील और एल्युमीनियम के बर्तनों के साथ पूजा की थालियां, दीपक और अन्य पूजन सामग्री दुकानों पर सजाई गई हैं। बर्तन कारोबारी योगेंद्र अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस के लिए बाजार पूरी तरह तैयार है।
तांबे के बर्तन करीब 1400 रुपये प्रति किलो, स्टील के बर्तन 300 रुपये और एल्युमीनियम के बर्तन करीब 400 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहे हैं। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार कीमतों में करीब 25 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। कम से कम 10 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।
इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी सागर सूरी ने बताया कि ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए खरीदारी पर उपहार दिए जा रहे हैं। वहीं, त्योहार पर नए कपड़े पहनने और घरों में मिठाइयां पहुंचाने की परंपरा के चलते कपड़ों, मिठाइयों और ड्राई फ्रूट्स की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है।
विज्ञापन

लोग रिश्तेदारों और परिचितों को उपहार देने के लिए सूखे मेवे भी खरीद रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस के दिन बाजार में देर रात तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहेगा।
धनतेरस से उम्मीद
सराफा 40 करोड़
ऑटोमोबाइल 25 करोड़
इलेक्ट्रॉनिक्स 10 करोड़
बर्तन 10 करोड़
कपड़े 5 करोड़
मिठाई गिफ्ट 5 करोड़
अन्य - 5 करोड़

कसेरठ बाजार में सराफ की दुकान से चांदी के लक्ष्मी गणेश खरीदते ग्राहक। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें