बुलंदशहर। मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत शहरी क्षेत्र में 20 करोड़ रुपये की लागत से विकास और सुंदरीकरण का कार्य कराए जाएगा। इसके लिए शासन के निर्देश पर नगर पालिका अधिकारियों ने स्वीकृति के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। अब शासन से स्वीकृति और बजट मिलने के बाद कार्यों को शुरू कराया जाएगा।
शहरों के विकास और सुंदरीकरण कराए जाने के लिए मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए शासन की ओर से निकायों को विकास कार्यों, सुंदरीकरण के कार्य, लोगों की सुविधा के लिए पार्क समेत अन्य प्रकार के कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन के निर्देश पर नगर पालिका अधिकारियों ने विकास कार्यों के लिए रूपरेखा तैयार करते हुए शहर के सुंदरीकरण और लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न कार्यों को कराने के लिए योजना तैयार की है। बताया जा रहा है कि तैयार योजना को शासन भेज दिया गया है, ताकि अगले माह के अंत में होने वाली बैठक में इन कार्यों के लिए चर्चा हो सके और स्वीकृति मिल सके।
अधिकारियों ने शहर में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही मलका पार्क के सुंदरीकरण, काला आम चौराहे पर स्थित सभी छह रास्तों का सुंदरीकरण, शहर में डिजिटल विज्ञापन के लिए एलईडी यूनिपोल, विभिन्न क्षेत्रों में सीसी व इंटर लॉकिंग रोड, शहर के 20 पार्कों में ओपन जिम, मलका पार्क स्थित चिल्ड्रन पार्क को विकसित करने, शहर में डिजिटल लाइब्रेरी, इंडोर जिम, विभिन्न मार्गों पर स्मार्ट लाइट, नगर पालिका कार्यालय में सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर व रिकॉर्ड रूम की स्थापना व शहर के विभिन्न चौराहों पर वर्टिकल गार्डन की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है।
शहर के बाईपास रोड पर लगेंगी लाइटें
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी डाॅ. अश्विनी कुमार ने बताया कि शहर के मुख्य बाईपास रोड का चौड़ीकरण चल रहा है। चौड़ीकरण पूरा होने के बाद डिवाइडर में स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि आने जाने के दौरान लोगों को रोशनी की कमी से परेशानी न हो। इसके लिए अभी से योजना तैयार की जा रही है। बताया कि नगर पालिका सीमा क्षेत्र में काली नदी पुल तक करीब 200 लाइटें लगाई जाएंगी।
जिले की सभी निकायों से मांगे गए विकास कार्यों के प्रस्ताव
मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत शासन ने जिले की सभी नौ नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों के अधिकारियों से विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे हैं। अभी तक जिले की छह निकायों की ओर से ही प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे गए हैं। जबकि सोमवार तक शासन ने हर हाल में प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए थे। ऐसे में जिन निकायों की ओर से प्रस्ताव नहीं दिए गए हैं, उन्हें धनराशि जारी करने में देरी होगी।
शासन के निर्देश पर करीब 20 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार करते हुए स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं। शहर के प्रमुख चौराहों के सुंदरीकरण और चौराहों पर वर्टिकल गार्डन बनाने की योजना है। शासन स्तर पर इसके लिए बैठक का आयोजन होगा और स्वीकृति मिलेगी। इसके बाद टेंडर जारी कर विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे। - डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका