बुलंदशहर। जिले के 50 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में विकास कार्यों को 35 विशिष्ट मापदंडों के आधार पर किया जाएगा। इन मापदंडों को प्रोजेक्ट अलंकार के तहत निर्धारित किया गया है, जिसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाना है। इसके लिए डीआईओएस ने सभी विद्यालयों से होने वाले विकास कार्यों का ब्योरा मांग लिया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि जिले में संचालित 50 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में समय-समय पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। शासन का निर्देश हैं कि राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में विकास कार्यों को 35 विशिष्ट मापदंडों के आधार पर किया जाए। इसे पूरा करने के लिए विभाग की ओर से तैयारी शुरू हो गई है। साथ ही विद्यालयों से होने वाले विकास कार्यों का ब्योरा मांग लिया है। अभी तक स्कूलों में होने वाले 700 से अधिक विकास कार्यों का ब्योरा मिल चुका है। इसके साथ ही प्रस्ताव तैयार करना शुरू कर दिया है। इन विद्यालयों में कक्षाओं में टाइल्स, साइकिल स्टैंड और रेलिंग के साथ रैंप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सुरक्षित पेयजल और नल के पानी की आपूर्ति के साथ छात्र-छात्राओं और दिव्यांगों के लिए अलग-अलग शौचालय के अतिरिक्त, खेल का मैदान, बरामदा, बिजली कनेक्शन, इंटरनेट सुविधा, बाउंड्री वॉल, मुख्य द्वार, हरियाली के लिए जगह, स्टोर रूम, मध्याह्न भोजन क्षेत्र, स्टेज, कर्मचारी कक्ष, गार्ड रूम, और डीप फ्रीजर जैसी सुविधाओं को पूरा किया जाएगा।