दिल्ली हावड़ा रेलवे मार्ग स्थित सोमना स्टेशन के पास ओएचई लाइन ठीक कर रहे टावर वैगन का इंजन फेल होने से 50 मिनट तक राजधानी एक्सप्रेस रुकी रही।
इसके कारण सिकंदरपुर और चोला स्टेशन पर दो अन्य राजधानी को रोकना पड़ा। इससे पीछे से आ रहीं करीब एक दर्जन ट्रेनें भी प्रभावित हो गईं।
आनन फानन में पहुंचे अधिकारियों ने किसी तरह टावर वैगन को हटवाकर राजधानी को रवाना करवाया।
दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग स्थित सोमना स्टेशन के पास ट्रैक पर शुक्रवार को टावर वैगन के जरिए ओएचई लाइन को ठीक करने का काम चल रहा था।
शाम करीब पांच बजे अचानक टावर वैगन का इंजन फेल हो गया। इसके चलते नई दिल्ली से रांची जा रही राजधानी एक्सप्रेस को 5.10 बजे रोक दिया गया। इसके पीछे नई दिल्ली से हावड़ा जाने वाली राजधानी को सिकंदरपुर और भुवनेश्वर जाने वाली राजधानी को चोला स्टेशन पर रोकना पड़ा।
टावर वैगन के इंजन फेल होने की सूचना से रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसएस भरतराम समेत आला अधिकारी सोमना स्टेशन पहुंच गए। उन लोगों ने मालगाड़ी के इंजन को निकाल कर टावर वैगन को हटवाया।
करीब 50 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रैक खाली होने पर शाम 6 बजे तीनों राजधानी एक्सप्रेसों को रवाना किया गया। एसएस भरतराम ने बताया कि टावर वैगन का इंजन फेल होने से ट्रेनें बाधित हो गई थीं। तत्काल टावर वैगन को हटाकर ट्रेनों को रवाना किया गया।