जिले में फैल रहा डेंगू, तीन और मरीज मिले
बुलंदशहर। जिले में मंगलवार को डेंगू के तीन और मरीज मिले। इसमें एक किशोर भी शामिल है। इसके साथ ही जिले में डेंगू पॉजिटिव मरीजों की संख्या 16 हो गई है। सीएमओ ने डेंगू प्रभावित इलाकों में निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। डेंगू मरीजों का नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जिले में वायरल बुखार के साथ लोग सर्दी, जुकाम से पीड़ित चल रहे हैं। 10 से अधिक गांवों में लोग घर-घर बीमार पड़े हुए हैं। अब डेंगू बुखार भी फैलने लगा है। प्रतिदिन डेंगू जांच के दौरान लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। मंगलवार को करीब 60 लोगों की एनएस-1 किट से डेंगू की जांच की गई। इनमें तीन लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिन्हें उपचार के लिए परिजनों द्वारा नगर के दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बीके श्रीवास्तव ने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए लगातार टीम को भेजकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। जिले में अब तक डेंगू पॉजिटिव आए लोगों का स्वास्थ्य ठीक है। मंगलवार को नगर के सुशीला विहार निवासी एक किशोर, औलीना निवासी एक किशोर और गांव अलावा रहीमपुर निवासी एक बुजुर्ग की एनएस-1 किट से जांच करने पर रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। तीनों का उपचार चल रहा है।
इन क्षेत्रों में है ज्यादा प्रकोप
यमुुनापुरम, सुशीला विहार, देवीपुरा प्रथम, सदर तहसील क्षेत्र के गांव काहिरा, लखावटी ब्लॉक क्षेत्र का गांव बहादुरपुर पसौली, अलावा रहीमपुर, रहमापुर स्यावली, औलीना और स्याना क्षेत्र में चिटहैरा गांव निवासी लोग अब तक डेंगू पॉजिटिव मिल चुके हैं।
जिले में अब तक 250 से अधिक लोगों का सैंपल लेकर एनएस-1 किट से जांच की जा चुकी है। इनमें से 16 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डेंगू से बचाव के लिए लगातार स्वास्थ्य कर्मियों को दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ