संवाद न्यूज एजेंसी
खुर्जा। क्षेत्र के बिजली घर नंबर-4 पर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति ने बैठक की। बैठक में किसानों की समस्या पर चर्चा की गई। जल्द समस्याओं का समाधान नहीं होने पर जिले में आंदोलन करने की योजना तैयार की गई।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से किसानों को निशुल्क बिजली देने की घोषणा की गई थी लेकिन, किसानों को निशुल्क बिजली नहीं मिल रही है। शिकायतों के बाद भी ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि नहीं की गई है। गांवों में जर्जर तार और खंभों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। बैठक के दौरान मेरठ मंडल महासचिव ठाकुर भंवर पाल सिंह ने मोहम्मद बसर खान को जिला सचिव और अब्दुल करीम को जिला सह संयोजक मनोनीत किया। मोहम्मद शरीफ, ठाकुर विशंभर सिंह, बंटी सिंह जादौन आदि मौजूद रहे।