बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रूकनसराय तेली वाली गली निवासी इरफान को पड़ोसी के यहां तेज आवाज में बज रहे डीजे का विरोध करना भारी पड़ गया। मामले में थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
पीड़ित इरफान ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि गत शुक्रवार को उसके पड़ोस में रहने वाले एक युवक की शादी थी। युवक के घर में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। उसके भाई कादिर ने मां के बीमार होने की बात कहते हुए दूसरे पक्ष के सलमान, आसिफ, नवाब और यूसुफ आदि से तेज आवाज में डीजे बजाने से मना किया, जिस पर आरोपी पक्ष भड़क गए।
आरोप है कि यूसुफ ने अपने भाई मोहम्मद सेन, आबिद, चांद, नौशाद आदि को बुला लिया। सभी आरोपियों ने तलवार, फरसा, लाठी-डंडे, लोहे की रॉड आदि से उन पर हमला कर दिया। आरोपियों के हमले में आदिल व हमजा बुरी तरह घायल हो गए। जब उनके परिवार की महिलाओं ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उनको भी मारा-पीटा और जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी यूसुफ और उसके भाई के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसके चलते उन्हें जानमाल का खतरा बना हुआ है। नगर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।