एडीएम प्रशासन से मिलने दफ्तर पहुंचा ‘मृत किसान’
बुलंदशहर। सरकारी दस्तावेजों में मर चुका एक किसान सोमवार को अपने जिंदा होने का सबूत देने के लिए एडीएम प्रशासन से मिलने पहुंच गया। किसान ने बताया कि वह कई साल तहसील के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अभी तक दस्तावेजों में बदलाव नहीं किया गया है।
नगर की आवास विकास प्रथम कालोनी निवासी जयवीर ने अधिकारियों को शिकायत देकर बताया कि डिबाई क्षेत्र के गांव दानगढ़ में उसकी जमीन है। फसली अभिलेखों में भी उसका नाम दर्ज है, लेकिन उसे मृत दर्शाकर अन्य काश्तकारों के नाम चढ़ा दिए गए। जबकि वह पूरी तरह से स्वस्थ और जीवित है। इस संबंध में कई बार उसने अधिकारियों को शिकायत देकर अपना नाम दर्ज कराने की मांग की लेकिन हर बार उसे झूठा आश्वासन दिया गया है। मामले में एडीएम प्रशासन डॉ. प्रशांत कुमार ने एसडीएम डिबाई को प्रकरण की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
जयवीर सिंह ने मांग की है कि दस्तावेजों में उसका नाम दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इससे पहले खानपुर क्षेत्र की एक महिला ने अपने बड़े बेटे पर साजिश रचकर उसे दस्तावेजों में मृत दर्शाने का आरोप लगाया था। पीड़िता ने डीएम को शिकायत देकर बताया था कि 10 सालों से उसे दस्तावेजों में मृत दर्शाया जा रहा है और बार-बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की जाती है। एडीएम प्रशासन डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले में जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।