गुलावठी। नगर के मोहल्ला रामनगर निवासी भंवर सिंह मंगलवार शाम को घर से धौलाना रोड स्थित एक मैरिज होम में शादी समारोह में गए थे। बुधवार सुबह उनका शव गुलावठी-हापुड बार्डर स्थित एक रूई धुनने की टाल में मिला। पुलिस ने मृ़तक की शिनाख्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने अभी घटना की तहरीर नहीं दी है। वहीं, एसपी सिटी शंकर प्रसाद समेत सीओ पूर्णिमा सिंह ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
गुलावठी-हापुड़ बॉर्डर पर बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे धौलाना मार्ग पर रूई धुनने की टाल में एक शव पड़ा मिला। शव की सूचना पर गुलावठी व कपूरपुर जिला हापुड़ पुलिस मौके पर पहुंची। कपूरपुर व गुलावठी पुलिस घटनास्थल को एक दूसरे का थाना क्षेत्र बता रहे थे। जिसके बाद मौके पर राजस्वकर्मियों को बुलाया गया। घटनास्थल गुलावठी क्षेत्र निकला। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मौके पर पहुंचे एक युवक ने शव की शिनाख्त अपने चाचा भंवर सिंह के रूप में किया। थाने पहुंची मृतक की पत्नी केला देवी ने कपड़े और जूते से भंवर सिंह निवासी मोहल्ला रामनगर के रूप में शिनाख्त का दावा किया। मृतक की पत्नी ने बताया कि मंगलवार देर शाम उनके पति धौलाना मार्ग पर एक मैरिज होम में शादी समारोह में गए थे, लेकिन घर नहीं लौटे। उनका फोन भी बंद आ रहा था। सुबह तक घर नहीं आने पर उनकी खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिले थे। सुबह शव पड़े होने की सूचना मिली। आशंका जताई है कि अधेड़ की हत्या कर उनका शव वहां डाला गया।
एसपी सिटी शंकर प्रसाद का कहना है कि मौके का निरीक्षण किया गया। प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना का मामला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जल्द ही राजफाश कर दिया जाएगा।
दुर्घटना है तो रूई धुनने की टाल में कैसे पहुंचा शव
पुलिस इसे दुर्घटना मानकर चल रही है। प्रश्न उठता है कि शव अंदर कैसे पहुंचा। रूई मशीन के चारों ओर बोरियों की टाट लगी है और टाट भी क्षतिग्रस्त नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही भंवर सिंह के मौत के कारणों का पता चल सकेगा। सभी की निगाहे पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।
जिला अस्पताल में मृतक की पहचान पर संशय, पत्नी को बुलाकर कराई शिनाख्त
गुलावठी-धौलाना मार्ग पर मिले अधेड़ के शव की शिनाख्त पर देर शाम तक संशय बना रहा। भतीजे व पत्नी ने भंवर सिंह के रूप में शव की शिनाख्त की। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के ससुरालवालों ने कहा कि यह शव भंवर सिंह का नहीं है। अधेड़ की शिनाख्त पर देर शाम तक संशय बना हुआ है। बाद में पुलिस भंवर सिंह की पत्नी को बुलंदशहर मोर्चरी लेकर गई। जहां, केला देवी, पुत्र व पुत्री ने शव की शिनाख्त भंवर सिंह के रूप में की। कार्यवाहक सीएमओ डॉ. मंजू अग्रवाल ने बताया कि शव का डीएनए सैंपल लिया गया है, इसकी भी जांच कराई जाएगी।
Iमामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों की ओर से भी अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। जल्द ही हत्या या हादसे से पर्दा उठ जाएगा।- पूर्णिमा सिंह, सीओ सिकंदराबाद।I