बेटी की पढ़ाई के लिए पिता का संघर्ष रंग लाया। अनशनकारी पिता को लगातार मिल रहे समर्थन के दबाव के बाद अफसरों ने डीआईओएस और स्कूल प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा बेटी को भी इसी सत्र में एडमिशन दिलाना तय किया गया है। आप के बाद मंगलवार को व्यापार व्यापार मंडल ने भी पिता को अपना समर्थन दिया है।
जहांगीराबाद निवासी अशोक कुमार शर्मा अपनी बेटी के एडमिशन के लिए पिछले आठ दिन से भूख हड़ताल पर बैठे थे। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उन्होंने अनशन नहीं तोड़ा।
वह अपनी बेटी के एडमिशन और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े थे। बेटी के लिए संघर्ष कर रहे पिता के समर्थन में आम आदमी पार्टी और व्यापार मंडल ने भी मोर्चा खोल दिया था।
इसके बाद दबाव में आए अफसरों ने पिता की मांगों को मानते हुए अनशन तुड़वा दिया। मंगलवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार जिला अस्पताल पहुंचे और अशोक की सभी मांगों को मानते हुए उनकी बेटी का एडमिशन कराने, स्कूल प्रबंधक व डीआईओएस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद अशोक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।