मामूली बात पर दरोगा ने रिटायर्ड कानूनगो को पीटा, लाइन हाजिर
बुलंदशहर। औरंगाबाद थाने में तैनात एक दारोगा ने रविवार रात 75 वर्षीय रिटायर्ड कानूनगो को मारपीट के मामले में थाने पर लाकर बुरी तरह पीटा। पिटाई के बाद उक्त वृद्ध की हालत बिगड़ गई। मामले में दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
औरंगाबाद-जहांगीराबाद मार्ग पर स्थित गांव ईलना निवासी ओमप्रकाश लोधी रिटायर कानूनगो हैं। रविवार की देर शाम मामूली बात को लेकर उनकी बेटी कीर्ति सिंह का पड़ोसी परिवार से झगड़ा हो गया। कीर्ति सिंह ने बताया कि पड़ोसियों ने उसे और उसके पिता को बुरी तरह से पीटा। बावजूद इसके मौके पर पहुंचे, औरंगाबाद थाने के दारोगा यशपाल सिंह ने पड़ोसियों से मिलीभगत करके उन्हें कुछ नहीं कहा और रिटायर कानूनगो को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि पूरी रात थाने में उनके पिता की पिटाई की गई। सोमवार को थाने में पिता को छुड़ाने के लिए पहुंची तो उनसे कहा गया कि उसके पिता का चालान कर दिया गया है। बाद में बेटी एसएसपी से मिली। जिसके बाद एसएसपी ने जांच कराई। जांच में पाया गया कि पड़ोसियों से हुए झगड़े में रिटायर कानूनगो का कोई मतलब नहीं था, उन्हें बेवजह थाने पर लाया गया। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जांच में पाया गया कि पड़ोसियों की गलती थी, लेकिन दारोगा ने पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की और थाने पर लाए। जिस कारण दारोगा यशपाल सिंह को लाइन हाजिर किया गया है।