गंगा में तलाश रही थी पुलिस, युवक संग जंगल में मिली छात्रा
अहार। स्कूल के लिए घर से निकली छात्रा और गांव के युवक को पुलिस गंगा में तलाशती रही, दोनों जंगल में छिपे मिले हैं। फिलहाल पुलिस ने युवक को हिरासत में लेते हुए छात्रा को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। नामजद कराए गए दो अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच भी की जा रही है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी 11वीं की छात्रा मंगलवार सुबह घर से स्कूल के लिए निकली थी। इसके बाद वह देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू की तो पाया कि उसका पड़ोस के रहने वाले एक युवक से दोस्ती है। जांच की तो पता चला कि युवक की वैन गंगा घाट के पास खड़ी हुई है। वैन की जांच करने पर छात्रा का स्कूल बैग समेत अन्य दस्तावेज वैन में मिले। इसके बाद पुलिस और कई प्रत्यक्षदर्शियों ने अंदेशा जताया कि छात्रा और युवक ने गंगा में कूद गए। बुधवार को दिनभर पुलिस ने फ्लड प्लाटून गंगा में छात्रा और युवक की तलाश करती रही। इसी बीच पुलिस को शिकायत देकर छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि गांव निवासी तीन युवक उसकी बेटी का अपहरण करके ले गए हैं। बुधवार देर रात पुलिस ने गंगा घाट के किनारे के जंगलों से दोनों को बरामद कर लिया। थाना पुलिस ने बताया कि छात्रा को मेडिकल जांच और बयान दर्ज कराने के लिए भेजा गया है। आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है। आगे की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फोन सर्विलांस से मिली दोनों की लोकेशन
छात्रा के परिजनों ने जिन तीन युवकों पर आरोप लगाया था पुलिस ने उनका फोन सर्विलांस पर लगाया हुआ था। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात पुलिस ने ट्रेस कर छात्रा और युवक को बरामद कर लिया।
गुमराह करने के लिए चुना गंगा घाट का रास्ता
पुलिस की पूछताछ में छात्रा और युवक ने बताया कि वह दोनों सड़क के रास्ते से भागते तो पुलिस उन्हें पकड़ लेती। इसलिए जानबूझकर गंगा घाट पर गाड़ी खड़ी कर दी। ताकि लोगों को लगे कि गंगा में कूदकर आत्महत्या कर ली और वह घाट किनारे जंगलों की ओर फरार हो जाएंगे।