बुलंदशहर। रील में बिल्ली के साथ क्रूरता करने पर पुलिस ने गांव मिर्जापुर निवासी एक किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रील में आरोपी बिल्ली को फेंकता दिख रहा है। इससे बिल्ली चोटिल हो गई है।
सोशल मीडिया पर एक रील वायरल हुई थी। इसमें एक किशोर बिल्ली को उठाकर फेंकते हुए कैद हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपी इस प्रकार की कई रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर चुका है। चर्चा है कि आरोपी के रील बनाने के चक्कर में कई जीव-जंतुओं और पशुओं को गंभीर चोट पहुंची है। रील वायरल होने के बाद बुधवार को रील सभी थानों में भेजी गई और आरोपी की तलाश कराई गई।
जांच करने पर पता चला कि कोतवाली देहात के गांव मिर्जापुर निवासी एक किशोर ने यह रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड की थी। मामले में पुलिस ने आरोपी किशोर के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सिटी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि रील बनाने वाला नाबालिग है। किशोर ने बिल्ली को फेंकते हुए रील बनाई। मामले की जांच कराई जा रही है।