जिला अस्पताल के दवा काउंटर पर दवाई लेते मरीज। संवाद
बुलंदशहर। सर्दी बढ़ने पर जिला अस्पताल की ओपीडी में सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। बृहस्पतिवार को अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। चिकित्सकों ने बुखार के मरीजों की ब्लड जांच कराने की सलाह भी दी। जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. परवेंद्र सिंह ने बताया कि सर्दी बढ़ने पर अधिकांश लोगों को नजला-जुकाम, खांसी ओर बुखार की समस्या बनी हुई है।
प्रतिदिन इन बीमारियों के मरीज आ रहे हैं। इन मरीजों को चिकित्सक परामर्श देने के साथ जरूरी जांच और दवा लिखकर सेवन करने की सलाह दे रहे हैं। जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. प्रदीप राणा ने बताया कि ओपीडी में प्रतिदिन 1200 से 1500 के करीब मरीज आ रहे हैं। सभी को परामर्श एवं दवा का वितरण कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को सर्दी-जुकाम और बुखार के करीब 270 मरीजों को परामर्श एवं दवा दी गई।