बुलंदशहर। कचहरी के गेट नंबर चार स्थित वर्मा फोटो स्टूडियो पर मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे कोर्ट मैरिज के लिए फोटो खिंचवाने आए हिस्ट्रीशीटर युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना से कचहरी परिसर में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रेमिका स्टूडियो के बाहर पुलिसकर्मियों के सामने चीखती-चिल्लाती रही लेकिन कोई मदद नहीं मिली। हमलावर आराम से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
कचहरी सुरक्षा में मौजूद पुलिसकर्मी भी पीड़िता के शोर मचाने पर नहीं पसीजे, इसके चलते अधिवक्ताओं और कचहरी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के बीच काफी नोकझोंक भी हुई। मृतक नाहिफ की मां की तहरीर पर प्रेमिका के चार भाइयों मोहम्मद, फरदीन, शारिक और फहद के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।
नगर की मदीना मस्जिद के पास वाटर बॉक्स क्षेत्र निवासी नाहिफ अंसारी (24) दो दिन पहले अपने सौतेले पिता आबिद की भांजी तस्मिया के साथ घर से भाग गया था। वर्तमान में अपने नाना के घर दिल्ली में रहता था। युवती के परिजनों ने आबिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। मंगलवार को दोनों कोर्ट मैरिज के इरादे से कचहरी पहुंचे थे। साथ में दो अन्य लोग भी थे।
दोपहर करीब तीन बजे तस्मिया और नाहिफ कचहरी के गेट नंबर चार के निकट स्थित वर्मा फोटो स्टूडियो पर फोटो खिंचवाने के लिए पहुंचे। दोनों के फोटो दुकान संचालक ने खींच लिए थे। तभी उनके साथ आए दो अन्य लोग कचहरी में अधिवक्ता से मिलने की बात कह कर चले गए। इसी दौरान दुकान के बाहर एक बाइक आकर रुकी, जिस पर तीन लोग सवार थे। दो लोग हाथों में पशु कटान वाले चाकू लेकर दुकान के अंदर घुस गए, एक आरोपी बाइक को स्टार्ट कर खड़ा रहा।
दुकान में घुसते ही आरोपियों ने नाहिफ पर हमला कर दिया। इस दौरान तस्मिया चिल्लाते हुए कचहरी गेट में घुस गई। हमलावरों ने युवक की गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। उसके लहूलुहान होकर गिरते ही आरोपी दुकान से बाहर निकले और बाइक पर सवार होकर शनि देव मंदिर की ओर से कालाआम होते हुए भाग हो गए। भागते हुए आरोपियों ने एक चाकू कचहरी गेट नंबर चार के पास और दूसरा चाकू कुछ दूरी पर ही सड़क पर फेंक दिया। लोगों ने युवती की मदद से नाहिफ को पास ही स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
युवती का आरोप, पुलिसकर्मियों ने कहा हम मदद नहीं कर सकते
वारदात के तुरंत बाद तस्मिया ने कचहरी के गेट नंबर चार पर अंदर की ओर पहुंचकर ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों से मदद की गुहार लगाई। प्रत्यक्षदर्शियों व वहां मौजूद कई अधिवक्ताओं ने बताया कि युवती पुलिसकर्मियों से गुहार लगा रही थी कि बाहर उसके प्रेमी पर हमला कर दिया है लेकिन कचहरी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे यह कहकर भगा दिया कि वह कचहरी ड्यूटी में हैं, डायल 112 पर फोन कर पुलिस को जानकारी दो। हम लोग कोई मदद नहीं कर सकते। जब तक पीड़िता गेट से बाहर निकली आरोपी मौके से भाग निकले थे। इसके बाद अधिवक्ताओं की कचहरी में मौजूद पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। उन्होंने इस संबंध में जांच करने पहुंचे एएसपी से भी संबंधित पुलिसकर्मियों की लापरवाही की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। एएसपी ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सौतेले पिता पर लगाया हत्या करवाने का आरोप
युवती तस्मिया ने मीडिया और पुलिस के समक्ष रोते हुए गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना था कि नाहिफ के सौतेले पिता इस रिश्ते से नाराज़ थे। उन्होंने ही नाहिफ की हत्या की साजिश रची है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक की मां शाहना भी अपने दूसरे पति आबिद के साथ अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि तस्मिया उनकी भांजी है और दोनों दो दिन पहले बिना बताए घर से भाग गए थे। शाहना ने बताया कि तस्मिया के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। तस्मिया जब उनके घर आई थी तो सोमवार को उन्होंने तस्मिया को कई बार उसके घर जाने के लिए कहा। वह न जाने की जिद पर अड़ी हुई थी। तभी तस्मिया ने चीखते-चिल्लाते हुए कहा कि तुमने अपने बेटे की एक बार भी नहीं सुनीं, एक बार उसकी बात सुन लेतीं तो आज वह जिंदा होता। बेटे को याद कर शाहना बार-बार बेहोश हो रही थीं।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने कचहरी परिसर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जांच में तीन हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। युवती के आरोपों को भी गंभीरता से लिया गया है।
अधिवक्ताओं की मांग - कचहरी परिसर में बढ़ाई जाए सुरक्षा
घटना के बाद अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि कचहरी जैसे संवेदनशील परिसर में सुरक्षा की भारी कमी है। सिविल बार एसोसिएशन के महासचिव कपिल मोहन ने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। पुलिस अब भी लापरवाह बनी हुई है। जल्द सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कचहरी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने संवेदनहीनता का परिचय दिया है। युवती के गुहार लगाने पर उन्हें तत्काल उसकी मदद के लिए आगे आना चाहिए था।
कोट
मामले में तहरीर के आधार पर युवती के चार भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, कुछ फुटेज में आरोपी कैद हुए हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर राजफाश कर दिया जाएगा। जांच में यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। मृतक नगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर भी था। दो दिन पहले युवती को बहला फुसलाकर ले जाने के संबंध में मुकदमा भी नगर कोतवाली में दर्ज किया गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। - दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी बुलंदशहर