बुर्ज उस्मान मोहल्ले में एक युवक ने खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। आत्महत्या का कारण गृहक्लेश बताया जा रहा है।
हांलांकि परिजन कुछ भी इस संबंध में बोलने को तैयार नहीं हैं। वहीं पुलिस को भी परिजनों ने घटना की सूचना नहीं दी है। बुर्जउस्मान मोहल्ला निवासी आजिद की मोहल्ले में हार्डवेयर की दुकान है।
बृहस्पतिवार सुबह वह अपनी दुकान पर पहुंचा और तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए।
गंभीर हालत में परिजन आजिद को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां से उसे हायर मेडिकल के लिए अलीगढ रेफर कर दिया गया। रास्ते में ले जाते समय आजिद की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आजिद का किसी बात को लेकर गृहक्लेश चल रहा था। इसके चलते वह परेशान चल रहा था। वहीं परिजन घटना को लेकर कुछ भी नहीं बता रहे हैं। कोतवाली प्रभारी आरके शर्मा ने बताया कि मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है।