दो जगहों पर दो स्कार्पियो सवार बदमाशों ने महिला समेत दो लोगों को लिफ्ट देकर लूट लिया। पहली वारदात में बेटे के साथ बुलंदशहर से खुर्जा आ रही महिला से बदमाशों ने नगदी और ज्वेलरी लूट लिया। फिर अगवाल फाटक पर उतारकर भाग गए। वहीं, अलीगढ़ जा रहे युवक को बदमाशों ने लिफ्ट देकर मोबाइल और नगदी लूट लिया। पीडि़त युवक को बदमाश शिकारपुर तिराहे पर फेंककर भाग गए। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
दिल्ली निवासी अनीता पत्नी सुभाष अपने सात वर्षीय बेटे के साथ बुलंदशहर से शनिवार देर शाम खुर्जा जाने के लिए स्कार्पियो में लिफ्ट लिया। कुछ दूरी तय करने पर कार सवाराें ने तमंचे के बलपर महिला के बैग से 4200 रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। इसके बाद अनीता को अगवाल फाटक के पास उतार कर भाग गए। पीड़िता ने तहरीर दी है। वहीं, शनिवार देर शाम गभाना निवासी राजवीर बस अड्डे पर जाने के लिए गाड़ी का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान एक स्कार्पियो उसके पास आकर रुकी और अलीगढ़ तक चलने की बात कहकर राजवीर को बैठा लिया। कुछ दूरी तय करने पर बदमाशों ने तमंचे के बलपर राजवीर से दो हजार की नगदी और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने राजवीर की पिटाई कर दी। फिर उसे हाईवे स्थित शिकारपुर तिराहे पर फेंक कर भाग गए।