वाहन चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले गैंग का भंडाफोड़ कर अगौता पुलिस ने सरगना सहित गिरोह के चार लुटेरों को गिरफ्तार किया है। लुटेरों के पास से लूटी गईं तीन कारें व पांच चोरी की बाइक बरामद की गई है।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि रविवार शाम अगौता पुलिस जमालपुर तिराहे पर वाहनों की तलाशी ले रही थी। तभी भैंसरौली गांव की तरफ से बोलेरो गाड़ी आती दिखाई दी।
पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर आरोपियों को पकड़ लिया। इनकी पहचान गैंग का सरगना संजीव पुत्र रकम सिंह निवासी भैसरौली, मोनू जाटव पुत्र चरण सिंह और विपिन राठी पुत्र धीरज सिंह निवासी अख्तियारपुर थाना अगौता के रूप में की गई।
तीनों ने पूछताछ में बताया कि उनका गैंग लूट और वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देता है। कुछ दिनों पहले आरोपियों ने ग्राम विकास अधिकारी और सिकंदराबाद क्षेत्र में साइकिल सवार को लूट लिया था।
इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ से भी आरोपी वाहनों की चोरी कर चुके हैं। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर बोलेरो, कार, हुंडई कार और पांच चोरी की बाइक बरामद की है।
पुलिस ने ग्राम विकास अधिकारी से लूटा गया बैग भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में बताया उनके गैंग में किरणपाल पुत्र प्रकाश जाटव, रिंकू पुत्र त्रिलोकी, सतेंद्र, इमरान और नितिन शामिल हैं। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने नितिन को भी गिरफ्तार कर लिया है।
जिले में लूट-चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गैंग के सरगना समेत चार को गिरफ्तार किया गया है। जबकि चार फरार हैं। आरोपियों से तीन गाड़ी, पांच बाइकें बरामद की गई हैं।
-राजेश कुमार-एसपी सिटी