दो बाइकों की टक्कर के बाद असंतुलित होकर सड़क पर गिरे बाइक सवारों में एक को तेज रफ्तार 10 टायरा ट्रक ने कुचल दिया। व्यक्ति रिश्तेदार के साथ बाइक से शादी में शामिल होने जा रहा था। हादसे से मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर जाम लग गया।
अलीगढ़ जनपद के थाना पाली मुकीमपुर थाना क्षेत्र के कासिमपुर नागरी निवासी जेपी शर्मा नई दिल्ली में सीआईएसएफ में बतौर सिपाही तैनात हैं। बृहस्पतिवार दोपहर वह अपनी भतीजी की शादी में शरीक होने क ेलिए बहनोई सुरेंद्र पाल शर्मा पुत्र गंगासहाय निवासी मंगोलपुरी दिल्ली के साथ बाइक से अपने गांव जा रहे थे।
तभी सलेमपुर थाना क्षेत्र में मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर चित्सौन गांव के पास बाइक सवार छात्रों की बाइक से जेपी शर्मा की बाइक टकरा गई, जिससे जेपी शर्मा की बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। तभी आए तेज रफ्तार ट्रक ने सुरेंद्रपाल शर्मा को कुचल दिया। हादसे में सुरेंद्र की मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे सीओ विजयप्रकाश सिंह ने क्रेन से ट्रक के पहिये के नीचे दबे शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
युवक की हत्या कर शव जंगल में फेंका
नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव फेंक दिया। बृहस्पतिवार सुबह कांशीराम आवासीय कॉलोनी के पास उसकी अर्धनग्न हालत में लाश मिली। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे नगर पुलिस को सूचना मिली कि कांशीराम आवासीय कॉलोनी के पास जंगल में एक शव पड़ा है।
पुलिस पहुंची तो युवक के गले पर रस्सी के निशान थे।, जिससे पुलिस को शक है कि युवक की हत्या रस्सी या तार से गला घोटकर की गई है। उसके चेहरे पर भी चोट के निशान मिले हैं। युवक की उम्र करीब 28 से 30 साल के बीच है। शरीर पर अंडर वीयर के अलावा कोई और कपड़ा नहीं था। पुलिस शव की शिनाख्त नही करा पाई है।
कोतवाल पीआर शर्मा ने बताया कि शव का अज्ञात में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।