कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात कार सवार हथियार बंद बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर सीमेंट से भरा ट्रक लूट लिया। बदमाश बंधक बने चालक को कोतवाली क्षेत्र में कच्ची सड़क पर छोड़कर भाग गए। रविवार सुबह ट्रक चालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ट्रक मालिक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
शनिवार शाम लगभग सवा छह बजे सिकंदराबाद स्थित जेके सीमेंट फैक्ट्री से चंदेरू गांव निवासी ट्रक ड्राइवर अमजद 600 बोरी सीमेंट लेकर अमरोहा के लिए चला था। बताया जाता है कि ड्राइवर सीमेंट भरे ट्रक को लेकर अपने गांव चंदेरू आ गया। रात 12 बजे वह अपने गांव से अमरोहा के लिए चला।
स्याना-बुलंदशहर मार्ग पर नया बांस नीम नदी पुलिया पर पीछे से आई स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने ट्रक के आगे अपनी कार लगा दी। चार सशस्त्र बदमाशों ने ड्राइवर को आतंकित करकेअपनी कार में बंधक बना लिया। एक बदमाश ने ट्रक को अपने कब्जे में कर लिया।
बदमाश ट्रक ड्राइवर को स्याना गढ़ रोड स्थित घनसूरपुर गांव के जंगल में चकरोड पर छोड़कर भाग गए। सुबह लगभग चार बजे ड्राइवर ने सराय नहर पुलिस चौकी पर पहुंचकर सूचना दी। पुलिस ने कांबिंग भी कराई, लेकिन बदमाश पुलिस की पकड़ से दूर रहे।
ट्रक मालिक बाबूराम चौहान निवासी पल्लवपुरम मेरठ ने इस घटना की तहरीर पुलिस को दी है। जिसमें बाबूराम ने ट्रक ड्राइवर अमजद पर भी इस घटना में शामिल होने का शक जताया है।