यूपी उद्योग व्यसापार मंडल के नगर उपाध्यक्ष की दुकान समेत तीन दुकानों में बुधवार रात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पिकअप सवार आधा दर्जन चोर जैक से शटर उठाकर दुकानों से हजारों की नगदी समेत लाखों का सामान निकाल ले गए।
इस घटना से गुस्साए व्यापारियों ने मौके पर पहुंची पुलिस से नोकझोंक की। पीड़ितों ने चोरी की तहरीर दी है।
यूपी उद्योग व्यापार मंडल के नगर उपाध्यक्ष और भाजपा के पूर्व नगराध्यक्ष उमेश सिंघल की जहांगीराबाद रोड़ पर अग्रवाल पेंट्स के नाम से दुकान है।
रात करीब दो बजे पिकअप सवार चोर दुकान का शटर जैक से उठाकर करीब 12 हजार रुपये की नगदी और 50 हजार रुपये का पेंट्स चोरी कर ले गए। इसी तरह बुलंदशहर रोड स्थित बाबा आटो मोबाइल की दुकान से चोर करीब 5 हजार नगदी, श्रीकांत अग्रवाल की खाद-बीज की दुकान से 25 हजार रुपये की नगदी, लेपटॉप सहित अन्य सामान निकाले ले गए।
चोरी की सूचना पर पीड़ित व्यापारियों के साथ यूपी उद्योग व्यापार मंडल के अनूपशहर विधानसभा अध्यक्ष राजेबाबू अग्रवाल, महामंत्री ललित अग्रवाल, चेयरमैन राजकुमार लोधी, यूपी उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नगराध्यक्ष मनोज गुप्ता, नामित सभासद अजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे और पुलिस के सामने हंगामा शुरू कर दिया।
एसओ के सामने व्यापारियों ने पुलिस चौकी में तैनात कांस्टेबल पर चोरों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। व्यापारियों ने कहा कि यदि जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा नही हुआ तो पुलिस के खिलाफ आंदोलन होगा।
पुलिस के आंखों के सामने भागे चोर
फैटम पर तैनात जुगेंद्र मलिक ने एसओ को व्यापारियों के सामने बताया कि चोर पिकअप में सवार होकर पुलिस के सामने ही जहांगीराबाद की ओर फरार हुए है। इसपर व्यापारियों ने पिकैट पर तैनात पुलिसकर्मियों के सोने का आरोप लगाया।
पीड़ित व्यापारियों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
बीएस बिसारे, एसओ औरंगाबाद