पेशी के दौरान पुलिस हिरासत से फरार हुए पांच बंदियों में से तीन को रविवार को फर्रुखाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अभी फरार चल रहे दो आरोपियों की तलाश कर रही है और फर्रुखाबाद से तीन बंदियों को रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
23 सितंबर दोपहर पांच पुलिसकर्मी जिला कारागार से नौ बंदियों को अनूपशहर की एडीजे कोर्ट लेकर पहुंचे थे। वहां हवालात से वैन में चढ़ते समय बंदियों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर भाग गए थे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर एक आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया था। तब से फरार पांच बंदियों की तलाश जारी थी।
रविवार दोपहर सूचना मिली कि फरार हुए तीन बंदी टीटू उर्फ किरनपाल, रूपेंद्र उर्फ पैना और अजय फर्रुखाबाद में पकड़े गए। तीनों के पास से तमंचे और 10 कारतूस बरामद हुए। फर्रुखाबाद पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। अब पुलिस न्यायालय बी वारंट पर तीनों को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि फरार चल रहे दो बंदियों को भी तलाश किया जा रहा है।