सिकंदराबाद में व्यापारी नेता सुनील तायल की हत्या पांच लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर हुई थी। पुलिस ने व्यापारी नेता की हत्या में रांझा गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्यारोपियों से घटना में प्रयुक्त बाइक, चाकू, पिस्टल, कारतूस और हजारों की नगदी बरामद की गई है।
सोमवार को एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सिकंदराबाद व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील तायल की 16 दिसंबर को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के पुत्र लव तायल ने संदीप लोधी, आमिर, अराफात, नदीम, संजीव जोशी, नरेश, इंद्र, और गौरव को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस की जांच में छह नामजद निर्दोष पाए गए। हत्याकांड में संजीव जोशी उर्फ तोता उर्फ पंडित, आमिर एवं अनस निवासी सलेमपुर रोड सिकंदराबाद की भूमिका पाई गई। रविवार दोपहर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी संजीव जोशी और अनस को मोहल्ला सराय झाझन से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी ने बताया कि दोनों आरोपियों के पास से एक बाइक, एक पिस्टल, 50 हजार रुपये नकद, चाकू आदि बरामद हुआ है। दोनों आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया है। व्यापारी सुनील तायल से करीब छह माह पहले पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने हत्याकांड को अंजाम दिया। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि दोनों आरोपी दिल्ली की रांझा गैंग से जुड़े हुए हैं। गिरोह के सरगना पर पहले से ही दो लाख रुपये का इनाम घोषित है। दोनों आरोपियों का चालान कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।