महीने भर पहले हुए देवेंद्र हत्याकांड में उसके भाई ने फिर से एसएसपी को तहरीर दी है। पहले अज्ञात के खिलाफ तहरीर देने वाले वादी ने अब तहेरे भाइयों समेत पांच रिश्तेदारों पर संपत्ति के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। जहांगीराबाद पुलिस ने वादी की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि आठ अगस्त को जहांगीराबाद क्षेत्र के अंतर्गत गांव शिवाली में देवेंद्र का शव रजवाहे से मिला था। मृतक के भाई लोकेश ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट जहांगीराबाद कोतवाली में दर्ज कराई थी। अब लोकेश ने दोबारा शिकायती पत्र देकर अपने तहेरे भाइयों समेत पांच रिश्तेदारों के खिलाफ संपत्ति के विवाद में हत्या का आरोप लगाया है।
लोकेश ने बताया कि उनका और उनके तहेरे भाइयों का दादालाई जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी पक्ष ने उसके भाई देवेंद्र को एक नोटिस भी भेजा था। 26 अगस्त को आरोपीगण उसके घर आए और घेर की जमीन खाली न करने पर उसकी भी हत्या करने की धमकी दी। पीड़ित लोकेश ने पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
जहांगीराबाद कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। वादी पक्ष ने रिश्तेदारों पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है। वादी की शिकायत पर नए सिरे से जांच शुरू की गई है।