मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने गैंगरेप के आरोपी को जानसठ अड्ढे से पकड़ लिया। आरोपी ने पांच दिन पूर्व नाबालिग किशोरी का अपहरण कर कार में ही उसके साथ गैंगरेप किया था। पुलिस नेे आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
भौराकलां क्षेत्र निवासी नाबालिग किशोरी अपने पिता के साथ बाइक से मंगलवार शाम को शहर आई थी। जानसठ पुल के पास अचानक बाइक खराब हो गई। किशोरी का पिता मिस्त्री लेने चला गया तभी आरोपी अपने साथियों के साथ मौके पर आया और किशोरी को अपनी सेंट्रो कार में अपहरण कर ले गया।
पिता वापस आया तो किशोरी के नहीं मिलने पर उसकी तलाश की। बाद में पीड़िता बदहवास हालत में पचेंडा रोड पर मिली, उसने अपने पिता को वारदात की जानकारी देते हुए बताया कि शांतिनगर निवासी मोहित शर्मा ने अपने दोस्तों के साथ कार में उससे गैंगरेप किया है। किशोरी के पिता ने नई मंडी कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मामले से अवगत कराया।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शांतिनगर निवासी मोहित शर्मा और इसके फूफा और दो अज्ञात के खिलाफ अपहरण और गैंगरेप की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
रविवार को पुलिस ने आरोपी मोहित शर्मा को जानसठ बस स्टैंड के पास से पकड़ लिया। पुलिस ने उसका चालान कर दिया है। पुलिस के अनुसार पकड़ गया आरोपी पहले भी ठगी के एक मामले में मंसूरपुर से जेल जा चुका है। इसके खिलाफ काफी लोगों से पैसे लेकर वापिस नहीं करने की शिकायतें है।