हाथरस-अलीगढ़-दिल्ली (एचएडी) पैसेंजर ट्रेन में महिला का कुंडल छीनने को लेकर हंगामा हो गया। कुंडल छीनने वाली महिला चोर की लोगों ने जमकर पिटाई की। हालांकि बाद में माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया गया और वह डाबर स्टेशन पर उतर गई।
शुक्रवार सुबह अलीगढ़ के अतरौली अड्डा निवासी उर्मिला पत्नी मनोज अपने परिवार के साथ एचएडी में सवार होकर दिल्ली के शाहदरा जा रही थी। सोमना स्टेशन पर उर्मिला की बोगी में एक महिला अपनी बच्ची के साथ सवार हुई। कुछ देर बाद अचानक महिला उर्मिला के पास पहुंची और गिरने का बहाना करते हुए उनके कान का कुंडल खींच लिया।
उर्मिला कान खिंचने से चीख पड़ी और महिला को पकड़ लिया। शोर सुनकर बोगी में मौजूद अन्य लोगों ने उस महिला की पिटाई करनी शुरू कर दी। काफी देर तक ट्रेन की बोगी में हंगामा होता रहा। बाद में माफी मांगने पर लोगों ने दया कर महिला को छोड़ दिया और वह डाबर स्टेशन पर उतर गई।
महिला ने घटना की शिकायत नहीं की है। जीआरपी प्रभारी राजकमल ने बताया कि उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत इस तरह की मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।