पुलिस गिरफ्त में सात वर्षीय बालिका सायरा का हत्यारोपी।
- फोटो : ब्यूरो
रेलवे क्रांसिंग के पास रहने वाली सात वर्षीय बच्ची के हत्यारोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को ग्राम असाबर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वह बालिका को बेर खिलाने के बहाने बुरी नीयत से ले गया था।
परंतु बालिका ने शोर मचा दिया तो पकड़े जाने के डर से उसने उसकी सलवार से गला घोंटकर हत्या कर दी तथा शव को बाग में छोड़कर भाग गया। मालूम रहे कि 17 फरवरी की शाम सात साल की एक बच्ची घर से खेलने के निकली थी लेकिन वापस नहीं आई। अगले दिन 18 फरवरी को एक आम के बाग में उसका शव मिला था।
उसके पिता ने बच्ची के अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कराया था। घटना की सूचना पर एसपी सिटी मान सिंह चौहान व सीओ यशवीर सिंह मौके पर पहुंचे थे तथा वीडियोग्राफी कराई थी। थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने झोंपड़ पट्टी में रहने वाले अनेक लोगों से तथा मृतक बालिका के परिजनों से पूछताछ की परंतु पुलिस के सामने भाषा की समस्या आड़े आती रही।
तब पुलिस ने दुभाषिये के माध्यम से जानकारियां जुटाई तथा हत्यारोपी तक पहुंची। इस मामले में पुलिस ने वहीं झोंपड़-पट्टी में रहने वाले हबीजुल पुत्र सिराज अली निवासी ताजपुर तुलसीबील जिला कुकराधार आसाम को गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के दौरान आरोपी शराब के नशे में था। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वह बालिका को बेर खिलाने के बहाने बुरी नीयत से ले गया था, परंतु बालिका ने शोर मचा दिया तो पकड़े जाने के डर से उसने उसकी सलवार से गला घोंटकर हत्या कर दी तथा शव को बाग में छोड़कर भाग गया।