गर्मी की छुट्टियों में भीड़ अधिक होने से कई पुरुष यात्री महानंदा एक्सप्रेस के महिला कोच में घुस गए। उन्होंने सीट पर बैठने को लेकर महिला सवारियों से अभद्रता भी की। कंट्रोल रूम पर शिकायत के बाद मैसेज आने पर अलर्ट जीआरपी और आरपीएफ ने स्टेशन पर ट्रेन में बैठे यात्रियों को जबरन बाहर निकाला।
इसे लेकर ट्रेन में जमकर हंगामा हुआ। ऐसे में करीब 15 मिनट तक ट्रेन रुकने बाद रवाना हुई। बताया जा रहा है सीट पर बैठने को लेकर पुरुष यात्रियों ने महिलाओं से अभद्रता करनी शुरू कर दी। किसी महिला यात्री ने इसकी शिकायत रेलवे कंट्रोल रूम में कर दी।
जंक्शन स्टेशन पर कंप्लेन का मैसेज पहुंचने पर एएसएम के निर्देश पर जीआरपी और आरपीएफ कर्मी अलर्ट हो गए। सुबह 8.30 बजे जब महानंदा एक्सप्रेस रुकी तो जीआरपी और आरपीएफ ने महिला कोच में घुसे यात्रियों को जबरन बाहर निकालना शुरू कर दिया।
महिला कोच से सभी पुरुष यात्रियों को उतारकर दूसरी बोगियों में भेज दिया गया। एएसएम रामबाबू ने बताया कि ट्रेन के महिला कोच में पुरुष यात्रियों के बैठने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर कार्रवाई की गई।