दो दिन पूर्व आवास-विकास कॉलोनी तिराहे पर मामूली बात पर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल दो युवकों में से एक की नोएडा स्थित कैलाश अस्पताल में मौत हो गई। दो समुदायों का मामला होने से शहर में तनाव है।
हालांकि, एहतियातन गांव में पुलिस और पीएससी तैनात कर दी गई है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला हत्या में तरमीम कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
बता दें कि सरायअल्लो निवासी रेहान गाजी और फुरकान आवास विकास कॉलोनी स्थित मुर्गी फार्म पर काम करते हैं। बीते शनिवार देर शाम वह कॉलोनी के तिराहे पर आ रहे थे। इसी दौरान वहां पहले से खड़े कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई।
मामला इतना बढ़ा कि उन लोगों ने रेहान और फुरकान को लाठी-डंडे और घूसों से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। घायल रेहान और फुरकान को गंभीर हालत में नोएडा रेफर किया गया था। घटना के बाद पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पहासू रोड निवासी ज्ञानी सैनी, गली नंबर 3 बिजलीघर के पीछे निवासी पुन्ना शर्मा, नावेल्टी रोड निवासी शिवम राघव, लवी, शनि समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
सोमवार रात उपचार के दौरान रेहान की मौत हो गई। दो समुदायों के बीच का मामला होने से शहर में तनाव है। गांव में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी है। इस मामले में पुलिस ताबड़तोड़ दबिश देकर ज्ञानी, पुन्ना और शिव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य दौ आरोपी लवी और शनि की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
मारपीट में घायल युवक रेहान की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी दबोच लिया जाएगा -राकेश कुमार शर्मा, कोतवाली प्रभारी खुर्जा