जिला अस्पताल परिसर स्थित बिजलीघर में सोमवार को काम करते समय करंट लगने से दो विद्युतकर्मियों की मौत हो गई। दोनों कर्मचारी शटडाउन लेकर काम कर रहे थे, लेकिन इसी बीच किसी ने बिजली आपूर्ति चालू कर दी थी। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की तरफ से मामले में तहरीर नहीं दी गई है। वहीं, एक्सईएन ने मामले में जांच कराने की बात कही है। जिला अस्पताल में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए स्वतंत्र फीडर का निर्माण किया गया है। इसके लिए भूड़ ट्रांसमिशन केंद्र से 33 केवीए की लाइन सीधी अस्पताल परिसर में बने बिजलीघर को पोषित करती है।
सोमवार दोपहर अस्पताल परिसर में बने बिजलीघर पर काम चल रहा था। एक मशीन पर लाइनमैन रियाजुद्दीन (42) निवासी गांव गंगेरुआ और दूसरी पर संविदाकर्मी बनी सिंह (4) पुत्र रूपराम सिंह, गांव भटौली, थाना अकराबाद, जिला अलीगढ़ काम कर रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे लाइन में अचानक करंट उतर आया।
लाइन में करंट उतरने से दोनों कर्मचारी मशीन से चिपक गए। मशीन में तेज धमाके की आवाज सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कर्मचारियों की मदद से शवों को मशीन से हटवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों कर्मचारियों के परिवार में कोहराम मच गया।
अभी तक मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- पोषीराम शर्मा, नगर कोतवाली प्रभारी
------------