नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक 20 वर्षीय युवती संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजनों ने अलीगढ़ निवासी युवक पर अगवा करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुर्गापुरम निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी डिग्री कॉलेज में पढ़ती है। 10 जनवरी को अचानक उनकी बेटी गायब हो गई। पता करने पर जानकारी मिली कि युवती को अलीगढ़ के लोधी विहार कॉलोनी निवासी सौरभ सक्सेना उर्फ सागर बहला-फुसलाकर ले गया है।
पीड़ित पिता ने बेटी के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। नगर पुलिस ने पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल पोसीराम ने बताया कि लड़की बालिग है। संभावना है कि युवती अपनी मर्जी से घर से गई है।
दवा लेने गई महिला लापता
मायके से दवा लेने गई विवाहिता संदिग्ध हालात में लापता हो गई। पति ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर पत्नी की बरामदगी की मांग की है। समसपुर गांव थाना खुर्जा नगर निवासी राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को उनकी पत्नी नीतू सिकंदराबाद के बिलसूरी गांव में अपने माता-पिता से मिलने के लिए आई थी।
बुधवार को नीतू बेटे सिद्धार्थ को माता-पिता के पास छोड़कर गाजियाबाद दवा लेने के लिए गई थी। उसके बाद नीतू वापस नहीं लौटी। राकेश ने बताया कि काफी तलाश करने के बाद भी नीतू का कोई सुराग नहीं लगा। राकेश ने नीतू की गुमशुदगी दर्ज कराकर बरामदगी की मांग की है।